कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 22 अगस्त को पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का संबोधन किया था. इस कार्यक्रम में जुटी भारी भीड़ बताकर कांग्रेस समर्थक एक वीडियो शेयर कर रहे हैं. राहुल गांधी छात्रों के मुद्दों और समस्याओं को लेकर “छात्रों की गूंज” नामक पहल चला रहे हैं. यह पहल कोटा, देहरादून और प्रयागराज (पूर्व इलाहाबाद) से शुरू होते हुए पुणे पहुंचा है, जहाँ 22 अगस्त 2026 को राहुल गांधी ने “छात्रों की गूंज” का चौथा संबोधन किया. इस कार्यक्रम को ‘महिला स्पेशल महा रैली’ नाम दिया गया था. कार्यक्रम के वीडियो में बड़ी संख्या में लोग मौजूद दिखाई दिए.

इसी संदर्भ में एक्स-यूज़र प्रिया पुरोहित (@Priyaa_Purohit) ने ये वीडियो को पुणे का बताते हुए शेयर कर लिखा, “मोदी को आज रात नींद नहीं आएगी. छात्रों की गूंज, पुणे में अगले प्रधानमंत्री राहुल गांधी का स्वैग.”

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत, एक्स-हैंडल @YouthofIndia99, @karbari_ansari, @BharatiyaOBC समेकई एक्स-यूज़र ने यह वीडियो ऐसे ही दावे के साथ शेयर किया.

This slideshow requires JavaScript.

फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी यह वीडियो पुणे में हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का बताते हुए वायरल है.

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल वीडियो को ध्यान से देखने पर पाया कि इसमें भीड़ के बीच मेक्सिको के राष्ट्रीय ध्वज से मिलता-जुलता तीन रंगों का झंडा दिखाई दे रहा है.

इसके बाद हमने वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें यही वीडियो एक स्पेनिश पत्रकार कार्लोटा विज़मानोस के इंस्टाग्राम पर 1 जुलाई को पोस्ट किया हुआ मिला. पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, “ज़ोकालो में मेक्सिको के पहले गोल का जश्न इस तरह मनाया गया.”

बता दे ज़ोकालो, मेक्सिको सिटी के केंद्र में स्थित मुख्य और ऐतिहासिक सार्वजनिक चौक का स्थान है.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Carlota Vizmanos (@carlotavizmanos)

कार्लोटा विज़मानोस के इंस्टाग्राम अकाउंट पर हमें इसी तरह के और भी वीडियो पोस्ट किए हुए मिले. इससे स्पष्ट होता है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम का बताकर वायरल वीडियो मेक्सिको सिटी के ज़ोकालो का है और इसे जुलाई 2026 में शेयर किया गया था.

आगे ज़ोकालो को गूगल अर्थ के स्ट्रीट व्यू पर खोजने से हमें यह स्थान ज़ोकालो के Constitution Plaza मुख्य चौक के रूप मिला जो कि वायरल वीडियो में नजर आ रहा था. इसके अलावा, हमें वायरल वीडियो में दिख रहा एक खम्बा (पोल) ज़ोकालो के मुख्य चौक पर मेक्सिको के राष्ट्रीय ध्वज को फहराये जाने वाले ध्वजदंड(पोल) के तौर पर दिखा. नीचे तस्वीर में वायरल वीडियो स्क्रीनग्रैब और स्ट्रीट व्यू इमेज की तुलना करने से भी पुष्टि होती है कि वीडियो पुणे का नहीं, बल्कि मेक्सिको सिटी का है.

जांच में यह भी सामने आया कि FIFA ने मेक्सिको सिटी के ज़ोकालो में FIFA Fan Festival 2026 का आयोजन किया था, जहां प्रशंसक मैचों का लाइव प्रसारण और मनोरंजन कार्यक्रम देख सकते थे.

हमने जब मेक्सिको के मैच के बारे में सर्च किया तो पता चला कि मैक्सिको के एस्टाडियो एज़्टेका स्टेडियम में 30 जून 2026 को “मेक्सिको ने इक्वाडोर को 2-0 से हराकर फीफा विश्व कप के राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई थी और इस जीत के साथ मेक्सिको ने 40 साल बाद विश्व कप के नॉकआउट चरण में कोई मैच जीता था.

कुल मिलाकर, वायरल वीडियो पुणे में आयोजित राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ का नहीं है. यह मेक्सिको सिटी के ज़ोकालो में आयोजित FIFA Fan Festival के दौरान का पुराना वीडियो है.

ग़लत
दावा:
छात्रों की गूंज, पुणे में राहुल गांधी के कार्यक्रम में लोगों का जनसैलाब

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें