ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष ने फिर से जोर पकड़ा है. इसी संदर्भ में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें एक जगह आग की लपटें उठ रही है और हूटर बज रहा है. इस वीडियो को शेयर करते हुए इसे वर्तमान में ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष का बताया जा रहा है. कई यूज़र ने ये वीडियो शेयर करते हुए कहा कि इज़राइल की तेल अविव शहर तबाह हो चुका है.

तेहरान टाइम्स ने ये वीडियो ट्वीट करते हुए इसे इज़राइल की तेल अविव शहर के अभी का मंज़र बताया. (आर्काइव लिंक)

पत्रकार वसीम अकरम त्यागी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि ये मंज़र तेल अवीव का है. ईरान ने कई प्रमुख स्थानों पर हमला किया है, जिसमें इज़राइल रक्षा मंत्रालय शामिल है. (आर्काइव लिंक)

आशा अंबेडकर नाम की यूज़र ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि तेल अविव नष्ट हो गया है. (आर्काइव लिंक)

इसी प्रकार कांग्रेस नेता मोहम्मद वसीम और अन्य यूज़र्स ने भी वायरल वीडियो इसी दावे के साथ शेयर किया.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

हमने वायरल वीडियो के फ्रेम्स को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें ये वीडियो अमेरिकी न्यूज़ वेबसाइट Breaking911 के ट्विटर हैंडल पर 19 नवंबर 2024 को पोस्ट किया हुआ मिला जिसमें लिखा है कि हिज़बुल्लाह द्वारा दागे गए मिसाइल को मध्य इज़राइल में इंटरसेप्ट किया गया. विस्फोटक के टुकड़ों से 5 घायल हो गए और एक की हालत गंभीर है. इससे इतना तो साफ हो जाता है कि ये वीडियो पुराना है और इसका वर्तमान में ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष से संबंध नहीं है.

इज़रायली अखबार Israel Hayom के अनुसार, ये घटना 18 नवंबर, 2024 को लेबनान से दागे गए मिसाइलों के हिस्से इज़राइल के तेल अवीव में गिरने से हुआ जिसमें पाँच लोग घायल हो गए और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.

कुल मिलाकर, कई यूज़र्स ने इज़राइल के तेल अविव शहर में नवंबर 2024 में लेबनान से दागे गए मिसाइलों से हुई क्षति को वर्तमान में ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष का बताकर शेयर कर रहे हैं.

ग़लत
दावा:
ये ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष का वीडियो है.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें