पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 लोगों की दुखद मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान पर आतंकवादियों को पनाह देने का आरोप लगाया. 6-7 मई, 2025 की सुबह, 1:05 और 1:30 बजे के बीच, भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के भीतर स्थित 9 आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाकर उन्हें नष्ट करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंज़ाम दिया. इस ऑपरेशन के बाद, पाकिस्तानी मीडिया और सोशल मीडिया यूज़र्स ने कई विज़ुअल्स ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जोड़कर शेयर किये.

पाकिस्तानी न्यूज़ चैनल ARY न्यूज़ ने दो दुर्घटनाग्रस्त विमानों की तस्वीर चलाते हुए दावा किया कि ये वो ‘एक्स्क्लूसिव’ तस्वीरें हैं जिसमें पाकिस्तानी वायु सेना ने भारतीय वायु सेना के विमानों को मार गिराया.

पाकिस्तानी न्यूज़ आउटलेट पाकिस्तान अब्ज़र्वर ने दोनों वायरल तस्वीरें चलाते हुए दावा किया कि पाकिस्तान ने भारत के 5 फाइटर जेट मार गिराए. (आर्काइव लिंक)

पाकिस्तानी न्यूज़ आउटलेट डेली टाइम्स ने भी दो दुर्घटनाग्रस्त विमान की वायरल तस्वीर पब्लिश करते हुए दावा किया कि पाकिस्तानी एयर फोर्स ने जवाबी कार्रवाई में दो भारतीय फ़ाइटर जेट को मार गिराया. (आर्काइव लिंक)

इसी प्रकार कई यूज़र्स ने भी वायरल तस्वीर शेयर करते हुए ऐसा ही दावा किया. ऐसे अकाउंट्स में पाकिस्तान के जाने-माने पत्रकार हामिद मीर भी शामिल हैं.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल तस्वीर को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया तो हमें पहली तस्वीर इंडियन एक्सप्रेस के 21 मई 2021 के एक आर्टिकल में मिली. रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब के मोगा ज़िले के एक गांव में मिग-21 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से भारतीय वायुसेना के फायटर पायलट स्कॉर्डन लीडर अभिनव चौधरी की मौत हो गई थी. दुर्घटना के समय वो नाइट ट्रेनिंग पर थे. यानी, ये तस्वीर 4 साल पुरानी है और इसका ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से कोई संबंध नहीं है.

हमने दूसरी वायरल तस्वीर को भी रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें दैनिक जागरण का 3 सितंबर 2024 का एक आर्टिकल मिला जिसमें बताया गया है कि 2 सितंबर को राजस्थान के बाड़मेर सेक्टर में भारतीय वायु सेना के नियमित नाइट ट्रेनिंग मिशन के दौरान मिग-29 में एक गंभीर तकनीकी खराबी आ गई. इसकी वजह से फाइटर जेट क्रैश हो गया और पायलट को बाहर निकलने के लिए मजबूर होना पड़ा. यानी, ये तस्वीर भी पुरानी है और इसका ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से कोई संबंध नहीं है.

न्यूज़ एजेंसी IANS ने 2 सितंबर 2024 को इस घटना का वीडियो भी ट्वीट किया था.

कुल मिलाकर, पाकिस्तानी मीडिया ने भारतीय वायुसेना की ट्रेनिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुए लड़ाकू विमान की पुरानी तस्वीरें शेयर कर दावा किया कि पाकिस्तानी वायु सेना ने भारतीय वायु सेना के दो फाइटर जेट को मार गिराया.

ग़लत
दावा:
पाकिस्तान एयर फोर्स द्वारा मार गिराए गए 2 भारतीय फाइटर जेट की तस्वीर

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें