आज तक न्यूज़ चैनल के वीडियो के स्क्रीनशॉटस् का कोलाज सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है. इसमें देखा जा सकता है कि एक ही व्यक्ति अलग-अलग वीडियो में मुस्लिम धर्म से जुड़ी टोपी और बिना टोपी के नज़र आ रहा है. इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि टोपी पहने युवक का असली नाम अनिकेत मिश्रा है, लेकिन एक ही चैनल के अलग-अलग टीवी डिबेट्स में यह कभी नदीम (मुस्लिम) बन जाता है और कभी पांडे (हिन्दू) बन जाता है.

मनीष नाम के यूज़र ने तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा कि वैसे तो ये भाई हैं अनिकेत मिश्रा, लेकिन टीवी डिबेट में ये टोपी पहनकर कभी नदीम तो कभी पांडे बन जाते हैं. (आर्काइव लिंक)

काका आरामदेव नाम के पैरोडी अकाउंट ने भी ये तस्वीरें शेयर करते हुए ऐसा ही दावा किया. (आर्काइव लिंक)

इसी प्रकार Spirit of Congress नाम के अकाउंट ने ये तस्वीरें शेयर करते हुए कहा कि एक दिन यह आदित्य है और दूसरे दिन वह नदीम है. देखिए कैसे आजतक न्यूज़ चैनल एक ही आदमी को हिंदू और मुस्लिम बनने के लिए पैसे देकर जनता को बेवकूफ बना रहा है. डॉ संग्राम पाटिल, एम एम ढेरा समेत कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने भी तस्वीर पोस्ट करते हुए ऐसा ही दावा किया.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

हमने देखा कि कई यूज़र्स ने इन पोस्ट्स पर जवाब देते हुए तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति का नाम हाजी मेहरदीन रंगरेज़ बताया है. हमने इस नाम को फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर सर्च किया तो इस नाम का अकाउंट हमें वहां मौजूद मिला.

यूट्यूब पर सर्च करने पर हमें हाजी मेहरदीन रंगरेज़ का कई टीवी चैनल्स में डिबेट करते हुए वीडियो मौजूद मिला जिसमें न्यूज़18 इंडिया, टाइम्स नाउ नवभारत, रिपब्लिक भारत, एबीपी न्यूज़, CNBC आवाज़, इत्यादि शामिल हैं. इन सभी डिबेट्स में उनका असली नाम ही इस्तेमाल किया गया था. इसमें कहीं भी अनिकेत मिश्रा, आदित्य या नदीम नाम इस्तेमाल नहीं किया गया था.

हमने अधिक जानकारी के लिए हाजी मेहरदीन रंगरेज़ से संपर्क किया. उन्होंने अनिकेत मिश्रा, आदित्य और नदीम, इन तीनों नामों का उनके साथ जुड़े होने के दावों को खारिज किया. टीवी चैनल डिबेटस् के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि वे 2015 से ऑडियंस के रूप में टीवी स्टूडियो में बैठते थे और पैनलिस्ट्स से सवाल करते थे. 2018 से उन्होंने टीवी डिबेट्स में पैनलिस्ट के रूप में जाना शुरू किया.

साथ ही उन्होंने बताया कि वे फिलहाल कम्युनिस्ट पार्टी के समर्थन में चल रही मुस्लिम अधिकार संगठन ऑल इंडिया तंज़ीम-ए-इंसाफ में दिल्ली के सचिव हैं. अपने राजनीतिक करियर के बारे में उन्होंने कहा कि वे 2014 से लेकर 2018 तक आम आदमी पार्टी से जुड़े थे. इससे पहले 2010 से लेकर 2014 तक वो बसपा से जुड़े थे इस दौरान वो गोंडा विधानसभा के प्रभारी भी थे.

कुल मिलाकर, कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने ऑल इंडिया तंज़ीम-ए-इंसाफ दिल्ली के सचिव हाजी मेहरदीन रंगरेज़ की तस्वीरें शेयर करते हुए भ्रामक दावा किया कि उनका नाम अनिकेत मिश्रा है, और वे कभी अनिकेत या आदित्य के नाम से हिन्दू बनकर टीवी डिबेट में जाते हैं और कभी नदीम के नाम से मुस्लिम बनकर टीवी डिबेट का हिस्सा बनते हैं.

ग़लत
दावा:
आज तक न्यूज़ चैनल के टीवी डिबेट में अनिकेत मिश्रा कभी नदीम बनकर जाता है और कभी पांडे बनकर

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें