5 सितंबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास ने X पर एक ग्राफिक शेयर किया. इसमें BJP प्रवक्ता गौरव भाटिया का एक बयान दिखाया गया. पोस्ट में ‘NBT’ यानी न्यूज़ आउटलेट ‘नवभारत टाइम्स’ का लोगो है.
इस पोस्ट के मुताबिक गौरव भाटिया ने कहा, “स्वतंत्र भारद्वाज नामक युवा एक ‘दिमागी नक्सली’ है उसके अंदर जातिवादी ज़हर भरा हुआ था भाजपा सरकार से इसका कोई लेना नहीं है.

बाद में सौरव दास ने वो पोस्ट डिलीट कर दिया, लेकिन उसका आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.
X के कई अन्य यूज़र्स, जैसे निमो यादव (@DrNimoYadav), वैभव शुक्ला (@vaibhaw_g) और Gen-Z of India (@GenZ_of_India_) ने उस वायरल कोट को आगे बढ़ाया. आर्काइव: 1, 2, 3
हिंदुत्व के कट्टर समर्थक स्वतंत्र भारद्वाज ने हाल ही में एक पॉडकास्ट क्लिप में बहुत सारे विवादित दावे किये थे. ये पॉडकास्ट अब यूट्यूब ने डिलीट कर दिया है. उसने जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान CJP प्रदर्शनकारी निशु आज़ाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट करने की बात कही और दावा किया कि उसके राजनीतिक संपर्क कपिल मिश्रा और चिराग पासवान से है जिस वजह से उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 126(2) और 3(5) के तहत आपराधिक आरोप लगाए गए हैं, साथ ही POCSO एक्ट और SC/ST (अत्याचार निवारण) एक्ट के प्रावधान भी लागू किए गए हैं; मामले में हत्या के प्रयास का आरोप भी शामिल है. 7 सितंबर को उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
फ़ैक्ट-चेक
गौरव भाटिया के नाम से वायरल हो रहे बयान की सच्चाई जानने के लिए हमने संबंधित की-वर्ड्स से सर्च किया कि क्या किसी वेरिफ़ाइड न्यूज़ आउटलेट ने इस बारे में कोई रिपोर्ट दी है, लेकिन हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली.
हालांकि, हमें नवभारत टाइम्स का 5 सितंबर का एक X पोस्ट मिला, जिसमें साफ़ तौर पर कहा गया है कि इन “फ़र्ज़ी पोस्ट” के ज़रिए “भ्रामक संदेश फैलाए जा रहे हैं.”
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर NBT के नाम से कई पोस्ट वायरल हो रही हैं और उन फ़र्ज़ी पोस्ट के जरिये भ्रामक संदेश फैलाए जा रहे हैं। NBT की किसी भी खबर की सत्यता जांचने के लिए केवल NBT के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर ही भरोसा करें। #FactCheck #NBT #FakeNews pic.twitter.com/rA9pC6iHS3
— NBT Hindi News (@NavbharatTimes) September 5, 2026
इसके बाद, हमने पाया कि गौरव भाटिया ने एक X पोस्ट में साौरव दास द्वारा उनके नाम से फैलाए गए वायरल कोट को साफ़ तौर पर ग़लत बताया था. उन्होंने CJP नेता को वायरल गलत कोट फैलाने के लिए माफ़ी मांगने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया और चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर वे उनके ख़िलाफ़ FIR दर्ज कराएंगे.
It took only 83 minutes for the post to be deleted. Unqualified apology still remains. Tomorrow will be a day of FIR if no unqualified apology is tendered. Can’t spread propaganda and then just delete and run. https://t.co/oTXLR6ZwKe
— Gaurav Bhatia गौरव भाटिया 🇮🇳 (@gauravbhatiabjp) September 5, 2026
सौरव दास ने खुद एक पोस्ट शेयर करके बताया कि वो कोट-ग्राफ़िक AI से बनाया गया था.
कुल मिलाकर, बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया के नाम से वायरल हुआ कोट (जिसमें स्वतंत्र भारद्वाज को ‘दिमागी नक्सल’ कहा गया है) पूरी तरह से मनगढ़ंत है. गौरव भाटिया ने हिंदुत्व समर्थक स्वतंत्र भारद्वाज के बारे में ऐसा कोई बयान नहीं दिया था; स्वतंत्र भारद्वाज अभी जेल में है और उस पर POCSO एक्ट समेत कई आपराधिक आरोप हैं.





