सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ लड़के और लड़कियां खुले में बेंच पर बैठकर खाना खाते दिख रहे हैं. वीडियो में कुछ लड़कियों ने हिजाब पहना हुआ है. इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि ये बांग्लादेश के जगन्नाथ विश्वविद्यालय का दृश्य है, जहां हिंदू छात्र मंदिर में दिवाली मना रहे थे और उसे रोकने के लिए मुस्लिम छात्रों ने मंदिर के सामने बीफ पार्टी आयोजित कर दी.
अक्सर सांप्रदायिक ग़लत ख़बर चलाने वाले सुदर्शन न्यूज़ ने इस वीडियो पर एक रिपोर्ट पब्लिश की और लिखा, “दिवाली के दौरान बांग्लादेश के जगन्नाथ यूनिवर्सिटी से जुड़ी कथित बीफ पार्टी दिवाली के विरोध में किया गया हिंदू आस्था को अपवित्र.” सुदर्शन न्यूज़ के रिपोर्टर प्रदोष चव्हाणके ने इस वीडियो को अपने फ़ेसबुक पेज से शेयर किया.
दिवाली के दौरान बांग्लादेश के जगन्नाथ यूनिवर्सिटी से जुड़ी कथित बीफ पार्टी
दिवाली के विरोध में किया गया हिंदू आस्था को अपवित्रDetailed Report By- @pchavhanke
#Bangladesh #BeefParty #Diwali https://t.co/HWeQhnALvo
— Sudarshan News (@SudarshanNewsTV) November 10, 2026
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अक्सर झूठी जानकारी सांप्रदायिक एंगल से फैलाते हुए पाए जाने वाले अकाउंट Voice of BD Hindu ने वीडियो इसी दावे के साथ पोस्ट किया. (आर्काइव लिंक)
Hindus are celebrating Diwali at the Jagannath University temple. So Muslim students are holding a beef party in front of the temple to stop the celebration. This is Bangladesh. https://t.co/d5ee8EzxAQ
— Voice Of BD Hindus 🇧🇩 (@HinduUnityBD) November 7, 2026
अनुपम मिश्रा नाम के यूज़र ने भी वीडियो इसी दावे के साथ पोस्ट किया और साथ में यह भी दावा किया कि ऐसा दृश्य भारत में भी कई जगह देखा गया है. (आर्काइव लिंक)

अक्सर गलत जानकारी फैलाते हुए पाए जाने वाले भाजपा समर्थक यूज़र जितेंद्र प्रताप सिंह ने वायरल वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि बांग्लादेश के जगन्नाथ यूनिवर्सिटी में मुस्लिम छात्रों द्वारा दो गायें लाई गईं, जिन्हें परिसर के भीतर ही काटा, पकाया और खाया गया. इस यूनिवर्सिटी में लगभग 90% मुस्लिम छात्र हैं, जिनका कहना है कि अब यहाँ हिंदू छात्र दीपावली नहीं मना सकते. इसके विरोध स्वरूप, जिस समय हिंदू छात्र अंदर हॉल में पूजा कर दीपावली मना रहे थे, उसी दौरान बाहर गाय काटकर पकाने और खाने की यह घटना हुई. (आर्काइव लिंक)

फ़ैक्ट-चेक
वायरल वीडियो से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए हमने इसके की-फ्रेम्स को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें ये ‘জবিয়ানস – JnU’ins’ नाम के फेसबुक पेज पर 16 अक्टूबर 2026 को पोस्ट किया हुआ मिला. यानी, यह वीडियो कम से कम एक महीना पुराना है और दीवाली के आसपास का नहीं है. पोस्ट के कैप्शन में बांग्ला में लिखा था, “জগন্নাথ বিশ্ববিদ্যালয় ক্যাম্পাসে উৎসবমুখর পরিবেশে গরুভোজের খাবার খাচ্ছেন শিক্ষার্থীরা…..”, जिसका हिंदी अर्थ है कि जगन्नाथ विश्वविद्यालय परिसर में छात्र उत्सव के माहौल में बीफ दावत का आनंद ले रहे हैं.

फेसबुक पोस्ट के कैप्शन में मौजूद जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर इससे जुड़ा कीवर्ड सर्च किया. हमें बांग्लादेशी न्यूज़ वेबसाइट ‘द डेली स्टार’ पर 17 अक्टूबर को पब्लिश्ड एक रिपोर्ट मिली. रिपोर्ट के मुताबिक, जगन्नाथ विश्वविद्यालय में एक विवाद उत्पन्न हो गया था जब हिंदू छात्रों द्वारा विश्वविद्यालय के केंद्रीय मंदिर के पास गाय का मांस पकाने पर आपत्ति जताने के बाद, प्रशासन ने परिसर में जानवर काटने पर रोक लगा दी थी. दरअसल, हिंदू छात्रों ने इस बात पर आपत्ति जताई थी कि ये जगह मुख्य मंदिर के बहुत करीब है, और खाना पकाने के लिए चूल्हा बनाने में मंदिर की ईंटों का इस्तेमाल किया गया था. आयोजकों ने बाद में बताया कि उन्होंने पहले यूनिवर्सिटी के कैफेटेरिया में खाना पकाने की योजना बनाई थी, लेकिन गैस का प्रेशर कम होने की वजह से उन्हें लकड़ी वाले चूल्हे का इस्तेमाल करना पड़ा. जब उन्हें पता चला कि ईंटें मंदिर की हैं, तो उन्होंने उन्हें हटा दिया और कैफेटेरिया से लोहे का चूल्हा ले आए. उन्होंने इसे अनजाने में हुई गलती बताते हुए खेद जताया.
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परिसर में जानवर काटने पर रोक लगाने के नोटिस को खान-पान की स्वतंत्रता पर अनुचित प्रतिबंध मानते हुए, छात्र संगठनों के नेताओं ने इसके विरोध में परिसर में एक गाय काटी और बीफ की दावत का आयोजन किया. छात्रों के कड़े विरोध और मांगों के बाद, विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपना नोटिस वापस ले लिया और मंदिर से दूर, अपनी देखरेख में इस कार्यक्रम की अनुमति दे दी. हालांकि, प्रशासन ने इस विवाद को ‘गलतफहमी’ बताते हुए भविष्य में शांतिपूर्ण ढंग से ऐसे आयोजनों की सशर्त अनुमति दे दी, लेकिन कुलपति मोहम्मद रईस उद्दीन ने दुर्गा पूजा उत्सव को देखते हुए छात्रों से परिसर में गाय न काटने की अपील की.

बांग्लादेशी न्यूज़ वेबसाइट ‘प्रोथोम अलो’ पर 16 अक्टूबर को पब्लिश्ड एक खबर के मुताबिक, जगन्नाथ विश्वविद्यालय के छात्रों ने प्रशासन द्वारा परिसर में जानवर काटने पर रोक लगाने वाले एक नोटिस के विरोध में गाय काटकर बीफ दावत का आयोजन किया था. कुछ छात्रों द्वारा परिसर के मंदिर के पास गाय का मांस पकाने पर हिन्दू धर्म के छात्रों ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद प्रशासन ने शांति और स्वच्छता का हवाला देते हुए जानवर काटने पर प्रतिबंध लगाने की अधिसूचना जारी की. छात्र संगठनों ने इसे अपने अधिकारों का हनन माना और चंदे से पैसे जुटाकर गाय खरीदा. विरोध स्वरूप बीफ दावत की घोषणा कर दी. हालांकि, भारी विरोध के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपनी नोटिस से हुई गलतफहमी के लिए खेद व्यक्त करते हुए स्थिति स्पष्ट की, लेकिन छात्रों ने अपना पूर्व निर्धारित बीफ दावत का कार्यक्रम संपन्न किया.

ध्यान दें कि इस साल जगन्नाथ विश्वविद्यालय में दीपावली मनाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर मौजूद हैं. काली पूजा के लिए एक पंडाल बनाया गया था साथ ही छात्रों को ‘अल्पना’ बनाते हुए देखा गया.
कुल मिलाकर, जगन्नाथ विश्वविद्यालय के बीफ दावत का वीडियो अक्टूबर का है. ये घटना दीवाली से कम से कम करीब एक महीने पहले की है. दीवाली से जोड़कर इसे नया सांप्रदायिक रंग दिया जा रहा है. पिछले साल की तरह इस साल भी कैम्पस में दीवाली उत्सव मनाया गया है.





