सोशल मीडिया पर PM मोदी का बताकर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है. इसमें एक महिला, सफेद दाढ़ी वाले उम्र दराज़ व्यक्ति की फेस मसाज करते हुए दिख रही है. यूज़र्स उस उम्र दराज़ व्यक्ति को PM नरेंद्र मोदी बता रहे हैं. और लिख रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मसाज वाला वीडियो लीक हो गया. कई यूज़र्स व्यंग्य रूप में मोदी के चमकते हुए चहेरे का राज बता रहे हैं.

सोनू सिंह नामक X-यूज़र ने नरेंद्र मोदी को मेंशन कर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “नरेंद्र मोदी वीडियो लीक”

रिटायर्ड विंग कमांडर और कांग्रेस कार्यकर्ता अनुमा आचार्य ने भी वायरल वीडियो को नरेंद्र मोदी का बताते हुए एक्स पर लिखा, “नारी शक्ति वंदन. मधु किश्वर ने अभी एक वीडियो Quote किया जिसे देखकर काफ़ी कुछ समझ आया. मोदी जी अपने चेहरे की जिस चमक को पसीने की चमक बता रहे थे, वो तो वाक़ई पसीने की चमक निकली.”

हालांकि कुछ देर बाद अनुमा आचार्य ने अपना यह पोस्ट डिलीट कर दिया.

कांग्रेस राष्टीय प्रवक्ता रितु चौधरी ने अपने एक्स इंस्टाग्राम पेज पर और पत्रिका ‘मानुषी’ की संस्थापक और संपादक मधु पूर्णिमा किश्वर ने वीडियो शेयर करते हुए मोदी का या किसी का नाम नहीं लिया.

This slideshow requires JavaScript.

 

यूट्यूब पर भी ये वीडियो नरेंद्र मोदी के मसाज का वीडियो बताकर वायरल है. वीडियो पर व्यंगात्मक रूप में लिखा है, “कृपया शरीर के निचले हिस्से का वीडियो न मांगे, क्योंकि मोदीजी ने नीचे कुछ भी नहीं पहना है.”

फैक्ट-चेक

वायरल वीडियो और दावे के सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कुछ की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें यह वीडियो 12 अप्रैल 2026 को प्रदीप कौर ढिल्लों नामक कंटेंट क्रिएटर के इंस्टाग्राम, फेसबुक पेज और यूट्यूब चैनल पर अपलोडेड मिला, जिसके कैप्शन में “मसाज टाइम” लिखा है.

जांच के लिए जब हमने सभी प्रोफाइल को खंगाला तो हमें वही मसाज वाला दूसरा वीडियो 28 मार्च 2026 को फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पेज पर अपलोडेड मिला. यहां कैप्शन में “Stylish, Spa day for him… kyunki self-care sirf ladies layi nahi” लिखा है.

आगे जांच के दौरान हमें मालूम चला कि वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स क्रिएटर प्रदीप कौर ढिल्लों के पार्टनर जसपाल सिंह हैं. जो अक्सर प्रदीप कौर ढिल्लों के पोस्ट में साथ नज़र आते हैं. नीचे एक पोस्ट में दोनों को साथ देखा जा सकता है. क्रिएटर द्वारा फेसबुक पर दी गई जानकारी के अनुसार, दोनों अमेरिकी राज्य न्यू जर्सी में रहते हैं और उनका होमटाउन भारत के पंजाब, अमृतसर है.

बता दें ऑल्ट न्यूज़ के को-फाउंडर मोहम्मद ज़ुबैर के फैक्ट-चेक ट्वीट के बाद मधु पूर्णिमा किश्वर ने अपना पोस्ट डिलीट कर दिया.

यानी, असल में वायरल वीडियो क्रिएटर प्रदीप कौर ढिल्लों और जसपाल सिंह का है, जिसें कांग्रेस कार्यकर्ता और यूज़र्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मसाज का वीडियो बताते हुए झूठे दावे के साथ शेयर कर रहे हैं.

वर्गीकरण करना कठिन

There is insufficient information to make a definitive determination.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें