यूक्रेन पर रूस के हमले के बीच, कई भारतीय मीडिया आउटलेट्स ने एक वीडियो क्लिप शेयर किया है. ये वीडियो कम ऊंचाई पर उड़ने वाले लड़ाकू विमानों की है. टाइम्स नाउ ने इस वीडियो क्लिप को ट्वीट करते हुए लिखा, “#RussiaUkraineCrisis: यूक्रेन का कहना है कि लुहान्स्क में 5 रूसी विमान और 1 हेलिकॉप्टर को मार गिराया गया #PutinOnTheMarch #Russia #Ukraine.”
#RussiaUkraineCrisis: Ukraine says 5 Russian planes, 1 helicopter shot down in Luhansk#PutinOnTheMarch #Russia #Ukraine pic.twitter.com/yl1SR70lhc
— TIMES NOW (@TimesNow) February 24, 2022
जन की बात ने इसी वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा, “ब्रेकिंग: रूस ने यूक्रेन पर हवाई हमला शुरू किया.” इस ट्वीट को 2 हज़ार से ज़्यादा बार रिट्वीट किया गया.

न्यूज़24, रिपब्लिक वर्ल्ड, ज़ी न्यूज़ और न्यूज़X ने भी इस वीडियो को यूक्रेन पर हमले का फ़ुटेज बताकर चलाया.
पुराना वीडियो
वीडियो वेरिफ़िकेशन टूल InVID का इस्तेमाल करके हमने वीडियो के कीफ़्रेम का रिवर्स इमेज सर्च किया. मालूम चला कि ये वीडियो एक यूट्यूब चैनल ने 4 मई, 2020 को अपलोड किया था. यूट्यूब वीडियो के टाइटल के मुताबिक, ये मॉस्को का वीडियो है.

9 मई 1945 में नाज़ी जर्मनी के आत्मसमर्पण की याद में रूस हर साल 9 मई को विजय दिवस मनाता है. ये दिन छुट्टी का होता है. भारतीय मीडिया द्वारा यूक्रेन पर हमला बताकर चलाये गए वीडियो जैसे दृश्य जर्मनी की मीडिया रिपोर्ट्स और यूट्यूब पर मौजूद हैं. द मॉस्को टाइम्स ने रिपोर्ट किया कि 2020 में वी-डे रिहर्सल 4 मई को हुई थी. हमने इस वीडियो में जेट के आईडेंटिकल फ़ार्मेशन को नोटिस किया, ऐसा ही वायरल वीडियो में भी देखा जा सकता है.

कुल मिलाकर, कई भारतीय मीडिया आउटलेट्स ने रूस में उड़ने वाले विमान का दो साल पुराना वीडियो इस ग़लत दावे के साथ शेयर किया कि ये यूक्रेन में चल रहे रूसी लड़ाकू विमानों का है.





