इंडिया टुडे नॉर्थ ईस्ट ने 22 जनवरी को एक बस की तस्वीर ट्वीट की जिसमें सफेद टी-शर्ट में एक आदमी बस की अगली सीट पर बैठा है. इंडिया टुडे नॉर्थ ईस्ट ने इस तस्वीर के साथ सवाल किया कि क्या राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा में बॉडी डबल का इस्तेमाल कर रहे हैं?

इसके बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने 25 जनवरी को इंडिया टुडे नॉर्थ ईस्ट के ट्वीट के आधार पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए दावा किया कि राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा में बॉडी डबल का इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी बस के अंदर बैठे हैं और जो व्यक्ति खिड़की से लोगों को देख रहा था वो राहुल गांधी नहीं थे. इसके बाद ये बयान कई मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर पब्लिश किया गया.

फैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ को इस मामले में 26 जनवरी को पब्लिश्ड लोकमत टाइम्स की एक रिपोर्ट मिली, इस रिपोर्ट में बताया गया है कि जिस शख्स को राहुल गांधी का बॉडी डबल बताया जा रहा है, वो असल में मध्य प्रदेश के राकेश कुशवाह हैं जो राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल हैं.

हमें राकेश कुशवाह की फेसबुक प्रोफाइल मिली जिसमें उन्होंने खुद को कांग्रेस कार्यकर्ता बताया है और अपनी तस्वीर के साथ कांग्रेस पार्टी के कई बैनर भी शेयर किए हैं. 19 जनवरी को उन्होंने असम के जोरहाट से और 21 जनवरी को मणिपुर और नागालैंड से भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान अपनी तस्वीरें शेयर की थी.

22 जनवरी को राकेश कुशवाह ने मणिपुर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एबीपी न्यूज को दिए इंटरव्यू का वीडियो फ़ेसबुक पर शेयर किया था. इस वीडियो में रिपोर्टर कह रहा है कि राकेश कुशवाह, राहुल गांधी की पहली भारत जोड़ो यात्रा वाले लुक में थे जब यात्रा के दौरान उनकी दाढ़ी काफी बढ़ गई थी. लेकिन अब राहुल गांधी अपने पुराने लुक में वापस आ गये हैं.

 

“भारत जोड़ो न्याय यात्रा” मणिपुर (इंफाल) में ABP News से विशेष बातचीत।

Posted by Rakesh Kushwaha on Sunday, 21 January 2024

हमने राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रा और राकेश कुशवाहा के लुक को मिलाया तो पाया कि दोनों के हाल के लुक में काफी अंतर है. बाकी तस्वीरों की तरह इस वीडियो में भी दिखता है कि राकेश कुशवाहा वही सफेद टीशर्ट पहने हैं जैसा कि इंडिया टुडे नार्थ ईस्ट ने ट्वीट करते हुए उन्हें राहुल गांधी का बॉडी डबल बताया था.

इंडियन यूथ कांग्रेस असम के प्रेसिडेंट ज़ुबैर अनम ने भी 25 जनवरी को इंडिया टुडे नॉर्थ ईस्ट के ट्वीट को कोट करते हुए लिखा कि जिस बस की तस्वीर उन्होंने शेयर की है वो राहुल गांधी के बस नहीं बल्कि एक आम बस है जिसे इंडियन यूथ कांग्रेस द्वारा भारत जोड़ों न्याय यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के लिए अरेंज किया गया था.

हमने राहुल गांधी के बस से इंडिया टुडे नॉर्थ ईस्ट के ट्वीट में मौजूद बस को कंपेयर किया तो पाया कि ये राहुल गांधी की भारत जोड़ों न्याय यात्रा वाली बस नहीं बल्कि दूसरी बस है.

कुल मिलाकर, इंडिया टुडे ने मध्य प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता राकेश कुशवाहा को राहुल गांधी का बॉडी डबल बताते हुए भ्रम फैलाया और असम के मुख्यमंत्री ने इस झूठे दावे को आगे बढ़ाया.

ग़लत

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें