[चेतावनी: वायरल वीडियो के दृश्य मन को विचलित करने वाले हैं. रिडर्स से रीक्वेस्ट है कि वो इस बात को ध्यान में रखकर ये वीडियो देखने या न देखने का निर्णय लें.]

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है. इसमें एक सूटकेस में एक लड़की का शव दिख रहा है. वहीं एक लड़का नीचे फ़र्श पर बैठा है. आसपास लोग इस घटना को रिकॉर्ड कर रहे हैं और लड़के से उसका नाम और पता पूछ रहे हैं. लड़का अपना नाम अयान बताता है. ये वीडियो ‘लव जिहाद’ ऐंगल के साथ शेयर किया जा रहा है. ट्विटर हैन्डल ‘@drmonika_langeh’ ने ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि ये ‘लव-जिहाद’ का फाइनल स्टेज है. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

@BhagwaHindu21 नाम के ट्विटर हैन्डल ने भी ये वीडियो हिन्दी कैप्शन के साथ ट्वीट किया और ‘लव-जिहाद’ का मामला बताया. (आर्काइव लिंक)

कुछ यूज़र्स ने ये वीडियो हरिद्वार के कलियर गेस्ट हाउस का बताकर शेयर किया है. ट्विटर हैन्डल ‘@ashu_nauty’ ने ये वीडियो ये वीडियो शेयर करते हुए लड़के का नाम गुलशेर और लड़की का नाम काजल बताया गया है. (आर्काइव लिंक)

फ़ेसबुक और ट्विटर पर ये वीडियो इसी दावे के साथ शेयर किया जा रहा है.

एक इंस्टाग्राम यूज़र ने इसे शेयर करते हुए लिखा, “अब्दुल से इश्क़ मतलब सूटकेस की यात्रा।”

फ़ैक्ट-चेक

की-वर्ड्स सर्च करने पर हमें कुछ मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं जिसमें इस घटना के बारे में बताया गया है. दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तराखंड के रुड़की में शादी से इनकार करने पर प्रेमी द्वारा प्रेमिका की हत्या करने की घटना सामने आयी थी. लड़का और लड़की दोनों कलियर स्थित एक होटल में शाम 5 बजे के करीब पहुंचे थे. 3 घंटे बाद लड़का सूटकेस लेकर होटल से निकल रहा था तभी स्टाफ़ को लड़के पर शक हुआ. बाद में सूटकेस खुलवाने पर मालूम हुआ कि अंदर एक लड़की की लाश है.

मैनेजर द्वारा पुलिस को ख़बर दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लड़के को हिरासत में ले लिया. आर्टिकल में लड़के का नाम गुलबेज़ बताया गया है और वो ज्वालापुर का रहनेवाला है. वहीं लड़की का नाम रमसा और लड़की के पिता का नाम राशिद बताया गया है. लिखा है कि लड़की ने होटल में गलत आईडी जमा करवाई थी जिसमें उसका नाम काजल बताया गया था.

आज तक की रिपोर्ट में बताया गया है कि ये दोनों पिछले 8 सालों से रिलेशनशिप में थे. लेकिन घरवाले उनकी शादी के लिए राज़ी नहीं थे. इसलिए उन्होंने ज़हर खाकर आत्महत्या करने का फैसला किया. दोनों ने एक होटल में कमरा लिया. लड़के ने बताया था कि उसकी प्रेमिका ने पहले ज़हर खा लिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. तब लड़के ने उसकी लाश को गंगनहर में फेंक खुद भी कूदकर आत्महत्या करने का फैसला किया था.

इस मामले में ऑल्ट न्यूज़ ने कलियर पुलिस स्टेशन में संपर्क किया. वहां के SO धर्मेन्द्र राठी ने हमें बताया कि लड़का और लड़की दोनों एक ही समुदाय से हैं. दोनों के बीच पिछले कुछ सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. फिलहाल इस मामले में पुलिस ने लड़की के पिता की तहरीर पर शिकायत दर्ज की है. और आरोपी लड़के को जेल भी भेज दिया गया है. इसके अलावा, काजल नाम से आईडी होटल में जमा करवाने को लेकर पुलिस ने बताया कि अक्सर ऐसे मामलों में लड़कियां अपना असली आईडी जमा नहीं करवाती है. और इस घटना में भी लड़की ने गलत आईडी जमा कराया था. लड़की का असली नाम पुलिस ने रमसा बताया है.

कुल मिलाकर, उत्तराखंड की इस घटना को सोशल मीडिया पर झूठा सांप्रदायिक ऐंगल दिया जा रहा है. लड़का-लड़की एक ही समुदाय से थे.

ग़लत
दावा:
उत्तराखंड में मुस्लिम युवक ने एक हिन्दू लड़की को 'लव जिहाद' के चलते मार दिया

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें