सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें दावा किया गया है कि पश्चिम बंगाल में BJP सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों की अवैध झुग्गियों को गिरा रही है. वायरल वीडियो में कुछ लोग बेतहाशा रोते-बिलखते दिख रहे हैं और बैकग्राउंड में तोड़-फोड़ की आवाज़ सुनाई दे रही है.
X यूज़र जितेंद्र प्रताप सिंह (जिनके बायो में लिखा है कि “भारत के प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी मुझे फ़ॉलो करते हैं, ये मेरे लिए सौभाग्य की बात है) ने 21 मई, 2026 को ये वीडियो पोस्ट किया. इस वीडियो को अब तक 4,00,000 से ज़्यादा बार देखा गया है और 4,000 बार रीशेयर किया गया है. (आर्काइव)
पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशियों की बस्ती पर बुलडोजर एक्शन हो रहा है
यह सब वन विभाग और सरकारी जमीन पर बसे थे
वीडियो में पीछे देखिए एक व्यक्ति तो बांग्लादेश क्रिकेट टीम के जर्सी में खड़ा है pic.twitter.com/IkFXyfIZ3c
— 🇮🇳Jitendra pratap singh🇮🇳 (@jpsin1) May 21, 2026
वीडियो के कैप्शन में लिखा है: “पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशियों की बस्ती पर बुलडोज़र एक्शन हो रहा है यह सब वन विभाग और सरकारी जमीन पर बसे थे वीडियो में पीछे देखिए एक व्यक्ति तो बांग्लादेश क्रिकेट टीम के जर्सी में खड़ा है.”
‘प्रलय मंडल’ नामक एक फ़ेसबुक यूज़र ने भी 22 मई, 2026 को यही क्लिप शेयर की थी. इस वीडियो पर ये आर्टिकल लिखे जाने तक 1400 रिएक्शन और 39,000 व्यूज़ मिले हैं.

21 और 22 मई के बीच कई अन्य सोशल मीडिया यूज़र्स ने भी यही वीडियो शेयर किया जिससे ये वायरल हो गया.
फ़ैक्ट-चेक
वीडियो चलाते समय, 35-36 सेकंड पर, वीडियो के निचले दाएं कोने पर, समाचार मीडिया द्वारा इस्तेमाल किया गया एक बूम माइक देखा जा सकता है. ये ‘कलेर कंथो’ का है – जो एक प्रमुख बंगाली भाषा का दैनिक न्यूज़पेपर है.

इसके अलावा, 28वें सेकंड पर वीडियो में ‘खान बास्त्रो बिटान’ नाम की एक दुकान का होर्डिंग दिखता है. इस होर्डिंग पर एक नाम – अब्दुल कुद्दुस खान – और एक कॉन्टैक्ट नंबर लिखा है. कॉन्टैक्ट नंबर के शुरुआती दो अंक 01 हैं जो बांग्लादेश का कंट्री कोड है.

इसके साथ ही, ‘खान बास्त्रो बिटान’ के होर्डिंग पर ढाका, मीरपुर-1216 लिखा है जो बांग्लादेश की राजधानी ढाका के मीरपुर इलाके का पोस्टल कोड है. होर्डिंग के ठीक नीचे, बांग्लादेश क्रिकेट टीम की जर्सी पहने एक युवक खड़ा दिखाई देता है.
जब हमें पक्का हो गया कि ये वीडियो बांग्लादेश का है, तो हमने गूगल पर ‘Home demolished eviction drive Bangladesh family in tears’ जैसे कीवर्ड्स का इस्तेमाल कर सर्च किया. हमने बंगाली में ये कीवर्ड्स टाइप किए जिससे हमें ‘सोबार कंठा’ नामक एक फ़ेसबुक-बेस्ड न्यूज़ पोर्टल का पोस्ट मिला जिसमें ये वीडियो शेयर किया गया था.
‘सोबार कंठा’ ने ये वीडियो (जो अब वायरल है) 20 मई, 2026 को अपने फ़ेसबुक पेज पर पोस्ट किया था. वीडियो के कैप्शन में लिखा है: घर तोड़े जाने पर पूरा परिवार रो पड़ा.

सोबार कंठा’ ने 20 मई की घटना से जुड़े कई छोटे वीडियोज़ पोस्ट किए. वायरल वीडियो में दिख रहा बेहद दुखी व्यक्ति उसी दिन पोस्ट किए गए एक और वीडियो में भी दिखाई देता है. इससे ये साबित होता है कि भारतीय सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो असल में बांग्लादेश का है और इसमें उन लोगों का दर्द दिखाया गया है जिनकी संपत्तियां अवैध निर्माण को हटाए जाने के नाम पर तोड़ी जा रही हैं.

एक और वीडियो में, जिसमें वायरल हो चुके वीडियो वाले ही पल लगभग दिखाए गए हैं, ‘खान बास्त्रो बिटान’ का पता बहुत साफ़-साफ़ पढ़ा जा सकता है. बंगाली में लिखी दुकान का पता इस प्रकार है: बाउनियाबांध टिनशेड कॉलोनी बाज़ार, मीरपुर, ढाका-1216.

बौनियाबांध, ढाका के मीरपुर इलाके का एक मोहल्ला है.
इसके अलावा, रिवर्स इमेज सर्च का इस्तेमाल करने पर हमें वही वीडियो मिला जिसे 20 मई, 2026 को ‘ढाका टेलीग्राम’ नाम के यूट्यूब चैनल पर पब्लिश किया गया था.
बांग्लादेश के ‘एकात्तोर टीवी’ ने भी इस ख़बर को कवर किया. उनकी रिपोर्ट के मुताबिक, 20 मई को ढाका के मीरपुर इलाके के बाउनियाबांध में पुलिस और झुग्गी-बस्ती में रहने वाले लोगों के बीच झड़प हो गई, क्योंकि पुलिस ने बिना कोई नोटिस दिए ही वहां बने ढांचों को गिराने की कोशिश की थी. ये जानकारी ‘खान वस्त्र वितान’ के होर्डिंग पर दिखे पते से मेल खाती है.
कुल मिलाकर, सोशल मीडिया पर बांग्लादेश का एक वीडियो वायरल है जिसमें ग़लत दावा किया जा रहा है कि ये पश्चिम बंगाल में अवैध बांग्लादेशी झुग्गी-बस्तियों को गिराए जाने का वीडियो है.





