सोशल मीडिया पर दो महिलाओं के डांस का एक वीडियो वायरल हो रहा है. यूज़र्स का दावा है कि इसमें सिया गोयल दिख रही हैं, जो पुणे के लोहागढ़ किले में 26 साल के केतन अग्रवाल की कथित हत्या की आरोपी हैं.
23 जून को पुणे ग्रामीण पुलिस ने सिया गोयल (20 साल) और चेतन चौधरी (22 साल) को सिया गोयल के मंगेतर केतन अग्रवाल की कथित हत्या के आरोप में गिरफ़्तार किया. उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) और 61 (आपराधिक साज़िश) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिया गोयल और केतन चौधरी के बीच प्रेम संबंध थे और उन्होंने कथित तौर पर साथ में मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या की साज़िश रची थी. सिया गोयल और अग्रवाल 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले में ट्रेकिंग के लिए गए थे, जहां केतन अग्रवाल लगभग 400 फ़ीट गहरी खाई में गिर गए. बाद में जांच से पता चला कि ये दुर्घटना नहीं बल्कि जानबूझकर धकेला गया था.
इसी घटनाक्रम के बीच ये वीडियो वायरल हुआ है.
X पेज TeluguBulletin.com (@TeluguBulletin) ने 27 जून को ये क्लिप शेयर की और दावा किया कि वीडियो में सिया गोयल दिख रही है. इस पोस्ट को 10 हज़ार से ज़्यादा बार देखा गया. (आर्काइव)
Siya Goyal’s statements about Ketan have sparked fresh debate online. After she claimed she was unhappy with certain aspects of their relationship, many social media users questioned how the couple had appeared so comfortable during their pre-wedding shoot. The discussion… pic.twitter.com/Qflf1xgyvH
— TeluguBulletin.com (@TeluguBulletin) June 27, 2026
X के एक और यूज़र, @thecaspiansk ने यह वीडियो इस कैप्शन के साथ पोस्ट किया: “हां, वो शादी से खुश नहीं थी.” इस पोस्ट को 1,63,000 से ज़्यादा बार देखा गया है. (आर्काइव)
Yes she was not happy with wedding https://t.co/olMFKTQo9O
— CASPIAN (@thecaspiansk) June 27, 2026
कई अन्य यूज़र्स ने भी वही क्लिप शेयर की और इस दावे को और बढ़ाया कि वीडियो में सिया गोयल डांस करते हुए दिख रहे हैं. नीचे कुछ उदाहरण दिए गए हैं:
फ़ैक्ट-चेक
इस दावे की पुष्टि करने के लिए, हमने वीडियो को कई कीफ़्रेम्स लिए और उनमें से कुछ पर रिवर्स इमेज सर्च किया. इससे हमें 21 जून, 2026 को शेयर की गई एक इंस्टाग्राम पोस्ट मिली. इस पोस्ट में वही वीडियो था और इसे यूज़र @sanikaajagtap ने शेयर किया था. यूज़र ने @anushkawanii यूज़रनेम वाले एक और अकाउंट को टैग किया था.
सोशल मीडिया यूज़र्स ने अनुष्का वाणी (@anushkawanii) को सिया गोयल समझ लिया है, क्योंकि दोनों महिलाओं के चेहरे में कुछ समानताएं हैं. हालांकि, वाणी की प्रोफ़ाइल देखने पर ये साफ़ हो जाता है कि वीडियो में वो खुद हैं, न कि सिया गोयल. नीचे उनके चेहरों की तुलना दी गई है:

इसलिए, वायरल क्लिप के साथ जुड़ा ये दावा ग़लत है कि इसमें हत्या की आरोपी सिया गोयल है.





