हाल ही में 2 सितंबर 2026 को राम मंदिर चंदा चोरी मामले के बाद रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया. इसके बाद सोशल मीडिया पर एक पार्टी (जश्न) का 8 सेकेंड का वीडियो वायरल है जिसमें आसमानी नीला रंग का शर्ट पहने एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति सिर पर ग्लास रखकर नाच रहा है. सोशल मीडिया यूज़र्स ये वीडियो शेयर करते हुए डांस कर रहे व्यक्ति को रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा बता रहे हैंऔर दावा कर रहे है कि जितेंद्र मिश्रा अपनी नियुक्ति का जश्न मनाते हुए नाचते और शराब पीते दिखे.
फेसबुक पेज ‘डिफेंस वॉच‘ ने ये कथित वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “राम मंदिर ट्रस्ट से लेकर पार्टी समारोहों तक? जितेंद्र मिश्रा अपनी नियुक्ति का जश्न मनाते हुए नाचते-गाते और शराब पीते नज़र आए.”
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने भी ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि “कोई अपनी निजी ज़िंदगी में क्या करता है, इसमें कुछ भी गलत नहीं है. मैं बस ये सोचता हूं कि अगर ये व्यक्ति राम मंदिर ट्रस्ट का CEO न होता, तो “धर्म के ठेकेदार” इस पर कैसी प्रतिक्रिया देते. इसीलिए हम कहते हैं: किसी को भी अपने धर्म का इस्तेमाल करके आपको बेवकूफ न बनाने दें.”

अभिजीत दीपके के पोस्ट को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास समेत कई और भी एक्स यूज़र्स ने रिपोस्ट किया था.
कांग्रेस कार्यकर्ता राजन राव, रश्मि, प्रगन्या गुप्ता, रत्ना पांडे, एक्स-हैंडल @GenZ_of_India_ समेत कई यूज़र्स ने वीडियो में दिख रहे व्यक्ति को जितेंद्र मिश्रा बताया है.
फैक्ट-चेक
ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल दावे की हकीकत जानने के लिए वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें पूरा वीडियो 3 नवंबर 2025 को ‘विकास राणा‘ नामक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया हुआ मिला. कैप्शन में वीडियो डांस कर रहे व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई. लेकिन ये तो स्पष्ट हो गया कि वायरल वीडियो नवंबर 2025 का है न कि हालिया सितंबर 2026 का.
View this post on Instagram
आगे, हमें विकास राणा के इंस्टाग्राम अकाउंट को खंगालने पर वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति के और भी वीडियोज़ मिलें जिसमें वो नाचते और मस्ती-मजाक करते दिख रहे हैं. हमने पाया कि इंस्टाग्राम यूज़र विकास राणा, वीडियो में डांस कर रहे व्यक्ति को ‘कप्तान साहब‘ कहकर संबोधित कर रहे हैं. ऑल्ट न्यूज़ ने नोट किया वायरल वीडियो और बाकी वीडियोज़ में दिख रहा व्यक्ति और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के CEO जितेंद्र मिश्रा, दोनों अलग-अलग व्यक्ति है. दोनों के चेहरे में अंतर है जिसे आप आगे वीडियोज़ के स्क्रीनशॉट्स और जितेंद्र मिश्रा की तस्वीर की तुलना में साफ देख सकते हैं:

जांच के दौरान हमने पाया कि नवंबर 2025 में विकास राणा द्वारा शेयर किए गए वीडियो के वायरल होने पर abp न्यूज़ ने इस पर एक रिपोर्ट भी पब्लिश की थी. हालांकि, रिपोर्ट में भी वीडियो में नाचते हुए उस शख्स को अज्ञात व्यक्ति बताया है न कि जितेंद्र मिश्रा. ऑल्ट न्यूज़ विकास राणा से इस संबंध में कॉन्टेक्ट भी किया है, उनकी ओर से रिप्लाइ मिलने पर इस आर्टिकल को अपडेट किया जाएगा.
वहीं, CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने अपने कथित पोस्ट के रिप्लाइ में स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति जीतेंद्र मिश्रा नहीं है.
It has been pointed out to me that the person in this video is not Jeetendra Mishra.
Though, as I said earlier, what someone does in their personal life is entirely their own business.
My point was never about the person or their personal choices, but about the hypocrisy in…
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) September 6, 2026
कुल मिलाकर, वायरल वीडियो असल में नवंबर 2025 से इंटरनेट पर मौजूद है. वहीं इसमें दिख रहे व्यक्ति जितेंद्र मिश्रा भी नहीं हैं. लेकिन फिर भी इसे हाल में कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा का बताया. और साथ में भ्रामक दावा किया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के CEO पद पर नियुक्त होने के बाद जितेंद्र मिश्रा ने जश्न मनाने हुए शराब पी.





