सोशल मीडिया पर सात सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें TMC सांसद अभिषेक बनर्जी कथित तौर पर BJP समर्थकों को धमकी देते हुए सुनाई दे रहे हैं कि विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ के सत्ता में आने पर वे उन पर हमला करेंगे.

वायरल क्लिप में अभिषेक बनर्जी को ये कहते हुए सुना जा सकता है, “जिस दिन ममता बनर्जी और INDIA गठबंधन की सरकार बनेगी, हम (उनके) घरों में घुसकर मारेंगे.”

X यूज़र गौरव ने ये वीडियो 31 मई, 2026 को पोस्ट किया था. (आर्काइव

ऑल्ट न्यूज़ को इस वीडियो की सच्चाई का पता लगाने के लिए कई रिक्वेस्ट मिलीं.

30 मई को तृणमूल के नेशनल जनरल सेक्रेटरी अभिषेक बनर्जी पर भीड़ ने हमला कर दिया था. वे उस TMC वर्कर के परिवार से मिलने जा रहे थे, जिसकी कथित तौर पर BJP कार्यकर्ताओं ने सोनारपुर में हत्या कर दी थी. जब उस घटना के वीडियो क्लिप और ख़बरें सामने आने लगीं, तो ये वीडियो भी तेज़ी से फैलने लगा, जिसमें अभिषेक बनर्जी अपने राजनीतिक विरोधियों को धमकाते हुए दिख रहे हैं.

X यूज़र, गौरव ने ये वीडियो तब पोस्ट किया जब TMC प्रवक्ता तन्मय घोष ने 30 मई को अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की निंदा करते हुए एक पोस्ट किया था.

अलग-अलग प्लैटफ़ॉर्म पर कई अन्य सोशल मीडिया यूज़र्स ने भी इस वीडियो को शेयर करना शुरू कर दिया, जिससे ये वायरल हो गया.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट चेक

वीडियो के कुछ की-फ़्रेम का इस्तेमाल करके किए गए एक आसान रिवर्स इमेज सर्च से हमें बंगाली न्यूज़ चैनल ‘R Plus’ के एक यूट्यूब शॉर्ट्स का पता चला.

ये क्लिप मालदा में अभिषेक बनर्जी की एक चुनावी रैली का है. उस दिन उन्होंने मालदा ज़िले में हरीशचंद्रपुर और चंचल के TMC उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया था.

2 मिनट 23 सेकेंड के इस वीडियो में बनर्जी दावा करते हैं कि पाकिस्तान और बांग्लादेश में बैठे लोग दिल्ली और कोलकाता को बर्बाद करने की धमकी देते हैं, जबकि BJP, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुपचाप बैठे रहते हैं. उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ़ मुनीर ने खुद दिल्ली और कोलकाता को बर्बाद करने की धमकी दी थी.

इसके बाद उन्होंने कहा, “मैं ख्वाजा आसिफ़ का नाम लिख रहा हूं. जिस दिन ममता बनर्जी और INDIA गठबंधन की सरकार बनेगी, हम उन्हें उनके ही घर में निशाना बनाएंगें.”

भाषण का ये हिस्सा वीडियो में 28वें से 38वें सेकंड के बीच सुना जा सकता है. अब वायरल हो रहे इस क्लिप में बयान का पहला हिस्सा काट दिया गया है.

इसके अलावा, पाकिस्तानी रक्षा मंत्री को अभिषेक की धमकी की ख़बर बंगाली न्यूज़ पोर्टल्स और ‘ई समय‘ (Ei Samay) और ‘ABP आनंद‘ (ABP Ananda) जैसे न्यूज़ चैनलों ने भी दिखाई थी.

इससे ये साफ़ है कि अभिषेक बनर्जी के भाषण का एक हिस्सा इस झूठे दावे के साथ वायरल हो रहा है कि उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों को धमकी दी थी.

ग़लत
दावा:
TMC के अभिषेक बनर्जी ने BJP समर्थकों को जान से मारने की धमकी दी

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें