सोशल मीडिया पर ANI के लोगो वाला एक वीडियो वायरल है. इसमें काले रंग की रेंज रोवर SUV गाड़ी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठा एक शख़्स गाड़ी के रुकते ही नीचे उतरता है. इसके ठीक कुछ सेकंड बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गाड़ी से उतरते हैं. फिर बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा फूल देकर पीएम का स्वागत करते दिख रहे हैं. बाद में वे दोनों साथ में भवन के अंदर जाते हैं. सोशल मीडिया पर यूज़र्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि नरेंद्र मोदी और जेपी नड्डा एक ही गाड़ी में सवार होकर आए थे, पर जैसे ही कार रुकी तभी तुरंत दूसरी तरफ से जेपी नड्डा उतर कर फूलों का गुलदस्ता लेकर औपचारिक रूप से नरेंद्र मोदी का स्वागत किया. इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर इस वीडियो को स्वागत का ‘नाटक’ बताते हुए नरेंद्र मोदी पर तंज कसा जा रहा है.

‘@DarkKnight_29ca‘ नामक राजनीतिक व्यंग्य करनेवाले एक्स-हैंडल ने ये वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “ये तो गज़ब हो गया, वीडियो में एक सुपर तमाशा देखिए, जेपी नड्डा इसी कार में साथ में बैठे थे पर जैसे ही कार रुकी, झट से दूसरी तरफ से उतर कर फूलों का गुलदस्ता लेकर साहेब को रिसीव करने का नाटक करने लगे”.

एक्स-हैंडल ‘@DarkKnight_29ca’ के इस पोस्ट को करीब 15 लाख से ज़्यादा लोगों ने देखा है.

भारतीय कार्टूनिस्ट सतीश आचार्य, डॉ. रंजन, AAP नेता व कोंडली विधायक कुलदीप कुमार, समाजवादी पार्टी के नेता आईपी ​​सिंह, परमानंद यादव, भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद यादव समेत एक्स-यूज़र मनीष RJ, भाऊ (@Bhau_Baliwapis), अभिमन्यु सिंह, मृगांका सिंह, और एक्स-हैंडल @WeDravidians, @Article19_4 ने ऐसे ही दावे के साथ वीडियो शेयर किया.

This slideshow requires JavaScript.

फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम पर ऐसी ही दावे के साथ वीडियो वायरल है.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

वायरल दावे की सत्यता जानने के लिए ऑल्ट न्यूज़ ने वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें यही वायरल वीडियो समाचार एजेंसी एशियन न्यूज़ इंटरनेशनल (ANI) के आधिकारिक हिंदी न्यूज़ के एक्स-हैंडल @AHindinews पर 27 जुलाई 2024 को अपलोडेड मिला. इस पोस्ट का कैप्शन इस प्रकार है, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे.”

जांच के दौरान हमें 27 जुलाई 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर दूसरे एंगल से शूट किए वीडियो का लाइव प्रसारण मिला जिसमें भी बताया गया कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय में बैठक के लिए पहुंचे.”

इस वीडियो में 10 सेकंड पर पीएम नरेंद्र मोदी के साथ गाड़ी में बैठा शख़्स अपने हाथों में कुछ फाइल लेकर गाड़ी से उतरता है. वीडियो में 15 सेकंड पर उस शख़्स की एक झलक दिखती है जिसमें वो स्काई ब्लू रंग की शर्ट और नेवी ब्लू रंग की जैकेट पहने दिखता है. इस शख्स के चेहरे की बनावट जेपी नड्डा से बिल्कुल अलग मालूम पड़ती है. वहीं वीडियो में 20 सेकंड पर सफेद कुर्ता पजामा और नेवी ब्लू रंग की जैकेट पहने जेपी नड्डा नरेंद्र मोदी का स्वागत करने आते हैं. यानी, लाइव वीडियो में 5 सेकंड के भीतर कपड़े चेंज कर किसी भी शख्स का दुबारा देखाई देना अस्वाभाविक है. इससे स्पष्ट होता है कि वीडियो में पीएम के साथ बैठा शख़्स जेपी नड्डा नहीं बल्कि कोई और था.

आगे, हमने जेपी नड्डा और पीएम मोदी को एक ही गाड़ी में साथ आने वाले वायरल दावे के संबंध में एक्स (पूर्व में ट्विटर) में एडवांस की-वर्ड सर्च किया. हमें ANI, IANS और PTI के आधिकारिक एक्स-हैंडल्स पर 27 जुलाई के वीडियोज़ अपलोडेड मिलें. इनमें जेपी नड्डा सफेद रंग के स्कॉर्पियो गाड़ी से भाजपा मुख्यालय में उतरकर भवन की ओर जाते हुए दिखते हैं. इन वीडियोज़ से साफ होता है कि नरेंद्र मोदी और जेपी नड्डा अलग-अलग गाड़ी से भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे.

जांच के दौरान हमें ANI के एक्स-हैंडल पर 27 जुलाई 2024 का एक और वीडियो मिला जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी को भाजपा मुख्यालय से वापस जाने के लिए बाहर गाड़ी तक छोड़ने आते जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह दिखते हैं. उसी दौरान वायरल वीडियो में दिख रहा अधिकारी, भाजपा मुख्यालय से बाहर आकर पीएम के गाड़ी में फिर से बाईं ओर बैठ जाता है. जबकि जेपी नड्डा पीएम मोदी की गाड़ी के बाहर खड़े होकर विदा करते हुए साफ नजर आते हैं. ये घटनाक्रम आगे वीडियो और स्क्रीनशॉट में साफ दिखता है.

इस वीडियो में जेपी नड्डा सफेद कुर्ता पजामा और नेवी ब्लू रंग की V-नेक कट जैकेट पहने हुए दिखते हैं वहीं वायरल वीडियो में दिखाने वाला अधिकारी स्काई ब्लू रंग की शर्ट और नेवी ब्लू रंग की जैकेट पहने हुए हैं. ANI वीडियो में एक ही समय पर जेपी नड्डा और वायरल वीडियो में दिखने वाले अधिकारी दिखते हैं. इससे ये स्पष्ट हो जाता है कि वीडियो में दो अलग-अलग लोग हैं. उन दोनों के चेहरे की तुलना करने पर भी उनके चेहरे की बनावट एक दूसरे से बिल्कुल भी मेल नहीं खा रही हैं. प्रधानमंत्री के साथ अक्सर उनके निजी सचिव यात्रा करते हैं, संभव है कि ये अफसर भी उनके निजी सचिव हों.

एक ही वीडियो में दिख रहे अधिकारी और जेपी नड्डा के स्क्रीनग्रैब की तुलना

जुलाई 2024 में प्रकाशित News On Air, एनडीटीवी और द वीक समेत कई न्यूज़ रिपोर्ट्स के अनुसार, 27 और 28 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में तत्कालीन भाजपा पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गई थी. बैठक का विषय लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों का विश्लेषण करना, केंद्र और राज्य की योजनाओं व आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाना था. यानी, ये वायरल वीडियो उसी दौरान का है.

कुल मिलाकर, वायरल वीडियो जुलाई 2024 का है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे, और उस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जेपी नड्डा अलग-अलग वाहनों से भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे. यानी, वीडियो में पीएम नरेंद्र मोदी के साथ गाड़ी में दिख रहे शख़्स जेपी नड्डा नहीं थे. ऐसे में सोशल मीडिया पर किया जा रहा ये दावा पूरी तरह ग़लत है कि जेपी नड्डा पहले उसी कार में बैठे थे और बाद में प्रधानमंत्री का स्वागत करने का ‘नाटक’ किया.

ग़लत
दावा:
ये तो गज़ब हो गया, वीडियो में एक सुपर तमाशा देखिए जेपी नड्डा इसी कार में साथ में बैठे थे पर जैसे ही कार रुकी, झट से दूसरी तरफ से उतर कर फूलों का गुलदस्ता लेकर साहेब को रिसीव करने का नाटक करने लगे

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें