हवाई हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे वर्तमान में ईरान और इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष का बताया जा रहा है. इज़राइल डिफेन्स फोर्सेस के ऑफिशियल X हैन्डल ने ये वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया कि ये इज़राइल पर मिसाइल दागे जाने का रॉ फ़ुटेज है. (आर्काइव लिंक)

एनडीटीवी के मैनिजिंग एडिटर शिव अरूर ने इस वीडियो को इज़राइल पर ईरान के मिसाइल बताकर ट्वीट किया और बाद में ये पोस्ट डिलीट कर लिया.

अक्सर गलत जानकारी फैलाते हुए पाए जाने वाले जाट एसोसिएशन नाम के अकाउंट ने भी वीडियो शेयर करते हुए ऐसा ही दावा किया. (आर्काइव लिंक)

मुख्तार नाम के यूज़र ने भी वीडियो शेयर करते हुए इसे वर्तमान में दोनों देशों के बीच चल रहे संघर्ष से जोड़कर ईरान द्वारा जवाबी कार्रवाई में इज़राइल के तेल अवीव पर हमला बताया. (आर्काइव लिंक)

कई अन्य यूज़र्स ने भी इसी दावे के साथ वीडियो शेयर किया.

फ़ैक्ट-चेक

हमने वायरल वीडियो के फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें ये वीडियो 10 नवंबर 2024 के एक ट्वीट में मिला. इससे इतना तो साफ है कि ये वीडियो पुराना है और यह वर्तमान में ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष का नहीं है.

इसके अलावा, हमें ये वीडियो Brane Oblak Sedy नाम के एक यूज़र द्वारा 2 अक्टूबर 2024 को इज़राइल के तेल अविव का बताकर पोस्ट किया हुआ मिला.

ऑल्ट न्यूज़ इस वीडियो के सोर्स का पता नहीं लगा पाया है लेकिन ये वर्तमान में ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष का नहीं है. इससे पहले एक और ऐसा ही पुराना वीडियो इज़राइल द्वारा ईरान पर हमला बताकर शेयर किया गया था.

ये भी पढ़ें: ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे हालिया संघर्ष का बताकर 2024 का वीडियो शेयर

ग़लत
दावा:
ये वीडियो वर्तमान में ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष का है.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें