सोशल मीडिया पर शेयर किये जा रहे एक वीडियो में लोग पहाड़ों के कठिन रास्ते पर चढ़ाई कर रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि ये लोग म्यांमार से भारत के मणिपुर राज्य में घुसपैठ कर रहे हैं. वायरल कैप्शन के मुताबिक, इन्होंने चोर रास्ता बनाया है और उसी से भारत में घुसपैठ करते हैं. मणिपुर राज्य में कुकी और मैतेई समुदायों के बीच विवाद है जिसने हिंसा का रूप ले लिया है. ऐसे में मणिपुर राज्य में घुसपैठी का बताकर ये वीडियो शेयर किया जा रहा है.

ट्विटर यूज़र सर्वेश कुमार ने ये वीडियो ऐसे ही दावे के साथ ट्वीट किया. आर्टिकल लिखे जाने तक इस वीडियो को 16 हज़ार से ज़्यादा बार देखा जा चुका है. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

ट्विटर हैन्डल ‘@KBSingh32860309’ ने भी ऐसा ही एक दूसरा वीडियो ट्वीट किया. हालांकि क्लिप को गौर से देखने पर ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि इस वीडियो में भी वहीं लोग हैं जो पहले वीडियो में हैं. (आर्काइव्ड वर्ज़न)

ये वीडियोज़ ऐसे ही दावे के साथ फ़ेसबुक पर वायरल हैं. वहीं ट्विटर पर भी इन्हें काफी शेयर किया गया है.

फ़ैक्ट-चेक

वीडियो के बारे में संबंधित की-वर्ड्स के साथ यूट्यूब पर सर्च करने से ऑल्ट न्यूज़ को यूट्यूब चैनल ‘DENA’ का वीडियो मिला. ये वीडियो 12 मार्च 2023 को यूट्यूब पर अपलोड किया गया था. कैप्शन के मुताबिक, एक ईरानी खानाबदोश परिवार अपनी मंज़िल पर पहुंचने के लिए ऐसे दुर्गम रास्ते से 3 बच्चों के साथ रास्ता तय कर रहा है. ऑल्ट न्यूज़ ने 42 मिनट 35 सेकंड का ये वीडियो देखा और पाया कि इसमें दिखने वाले दृश्य वायरल वीडियो से मेल खाते हैं.

हालांकि ये वीडियो अलग ऐंगल से शूट किया गया है लेकिन इसमें दिखने वाले लोग वायरल वीडियोज़ में भी दिखते हैं. और ये बात आप आगे दी गई वायरल वीडियो और यूट्यूब वीडियो के फ़्रेम्स की तुलना से साफ समझ सकते हैं:

यूट्यूब चैनल ‘DENA’ का अबाउट सेक्शन चेक करने पर हमने पाया कि इस चैनल पर ईरानी खानाबदोश परिवारों के जीवन का कंटेन्ट दिखाया गया है. ये लोग माउंट डेना पर रहते हैं जो कि ईरान के ज़ाग्रोस पर्वत शृंखला में मौजूद एक पर्वत है. इस चैनल पर और भी ऐसे वीडियोज़ हैं जिसमें कई ईरानी परिवार कठिन रास्तों पर चढ़ाई करते हैं. वहीं यूट्यूब पर भी कुछ वीडियो में ईरान के खानाबदोश परिवारों की जीवनी दिखाई गई है.

जांच जारी रखते हुए ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि माउंट डेना पर कई तरह के खानाबदोश समुदाय रहते हैं जो अपनी पारंपरिक जीवनशैली के लिए जाने जाते हैं.

यानी, दुर्गम रास्तों पर चढ़ाई कर रहे लोगों का वायरल वीडियो म्यांमार से भारत के मणिपुर में घुसपैठ कर रहे लोगों का नहीं है. बल्कि ये वीडियो ईरानी परिवारों द्वारा कथित रास्तों पर चढ़ाई करने का है.

ग़लत
दावा:
म्यांमार से भारत में घुसपैठ करने के लिए चोर रास्ता बनाया गया

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें