ट्रैक्टर पर निकाली जा रही शोभा यात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो में एक ट्रैक्टर की ट्राली पर कुछ बच्चे धार्मिक गाने पर डांस कर रहे हैं. वहीं दूसरे ट्रैक्टर पर कुछ बच्चे बैठे हुए हैं और कुछ ट्रैक्टर साथ चल रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि इस शोभा यात्रा में कुछ लोग पैदल भी चल रहे हैं. इसी बीच एक व्यक्ति वहां पर मौजूद हाथ से धार्मिक झंडा लिए एक लड़के को रोकता है, और दूसरा व्यक्ति उसके हाथ से झंडा ले लेता है. इसके बाद वहां पर मौजूद लोगों में बहस होती है. इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि हरियाणा के पानीपत से सनौली में हिंदुओं की धार्मिक शोभा यात्रा गुजर रही थी. इसी बीच अचानक एक मुस्लिम ने हाथ में हनुमान जी का ध्वज ले जा रहे हिन्दू युवक पर हमला किया और ध्वज जमीन पर पटक दिया.

अक्सर गलत जानकारी फैलाने वाले यूज़र गोपाल गोस्वामी ने ये वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, “सनौली, पानीपत, हरियाणा में शांतिपूर्ण यात्रा गुजर रही थी, अचानक एक जिहादी ने हनुमान जी का ध्वज ले जा रहे युवक पर हमला कर दिया और ध्वज जमीन पर पटक दिया.” (आर्काइव लिंक)

प्रीति यादव नाम की यूज़र ने भी ये वीडियो ट्वीट करते हुए ऐसा ही दावा किया. (आर्काइव लिंक)

इसी प्रकार सतीश अन्ना, हर्ष व्यास, प्रवीण शास्त्री समेत कई और यूज़र्स ने ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्वीट किया.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल वीडियो गौर से देखा और पाया कि जिस व्यक्ति ने हाथ से धार्मिक झंडा लिए एक लड़के को सबसे पहले रोका था, उसने कमेटी का बैच पहन रखा था. वीडियो में देखा जा सकता है कि कई लोग अपने सीने पर एक बैच लगाए हुए हैं. शोभा यात्राओं आमतौर पर ऐसे बैच मंदिर की कमेटी के लोग या शोभा यात्रा के आयोजकों द्वारा लगाया जाता है.

वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रैक्टरों पर धार्मिक झंडा लगा हुआ है. लेकिन उसे किसी ने नहीं हटाया.

हमने गूगल पर इस मामले के बारे में सर्च किया तो अमर उजाला का 10 सितंबर 2023 का एक आर्टिकल मिला. इस रिपोर्ट के मुताबिक, हरियाणा के पानीपत के गांव सनौली खुर्द के युवा जन्माष्टमी के अवसर पर झांकी निकाल रहे थे. जब ये झांकी मुस्लिम समुदाय के  इलाके से गुजर रही थी, तब बजरंग दल के कुछ सदस्य धार्मिक झंडे के साथ वहां पहुंचे और धार्मिक नारे लगाने लगे. झगड़े का अंदेशा होने और टकराव से बचने के लिए गांव के सरपंच संजय त्यागी ने हस्तक्षेप किया और बजरंग दल के दो युवाओं के हाथ से झंडा ले लिया.

रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को बजरंग दल और सरपंच के बीच झंडे को लेकर हुए विवाद पर एक मंदिर में बैठक हुई जिसमें बजरंग दल के सदस्यों ने सरपंच पर धार्मिक ध्वज छीनने का आरोप लगाया और उनसे माफी मांगने को कहा. हालांकि, सरपंच ने माफी मांगने से इनकार कर दिया और कहा कि उन्होंने झंडा छीना नहीं बल्कि युवकों के हाथ से लिया था. इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हुआ. यानी, जिस व्यक्ति पर धार्मिक झंडा छीनने का आरोप लगा है वो मुस्लिम समुदाय से नहीं है बल्कि सनौली खुर्द गांव के सरपंच संजय त्यागी हैं.

12 सितंबर 2023 को अमर उजाला की वेबसाइट पर पब्लिश्ड रिपोर्ट के मुताबिक, गांव के सरपंच संजय त्यागी और दूसरे पक्ष के लोगों ने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी. रिपोर्ट के मुताबिक, इस बारे में जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप ने कहा कि दोनों पक्षों से पूछताछ करने के बाद कार्रवाई की जाएगी.

इस मामले को लेकर हमने सनौली खुर्द गांव के सरपंच संजय त्यागी से भी बात की. उन्होंने हमें बताया कि वो इस शोभा यात्रा में मौजूद थे. इसका आयोजन मंदिर कमेटी ने किया था और ये यात्रा गांव में शांतिपूर्वक गुजर रही थी. यात्रा जब एक मस्जिद के सामने से गुजर रही थी तभी बजरंग दल के कुछ लड़के आए और हाथों में धार्मिक झंडे लहराते हुए नारे लगाने लगे. स्थिति न बिगड़े इसलिए उन्होंने लड़के को डांटा और उसके हाथ से झंडा ले लिया. उन्होंने कहा कि अगर मैंने इसे नहीं रोका तो नूंह जैसी घटना होने की आशंका थी. विवाद होने का अंदेशा होने पर उन्होंने लड़के के हाथ से झंडा ले लिया था. लेकिन उन्होंने झंडे को ज़मीन पर नहीं पटका था. उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति ने युवक के हाथ से धार्मिक झंडा लिया वो मुस्लिम नहीं था. वीडियो में पीली टी-शर्ट में नजर आ रहे जिस शख्स ने हाथ में झंडा लिए युवक को रोका था, उसका नाम साबा नंबरदार है जो उस मंदिर समिति का सदस्य है. उसने जन्माष्टमी के मौके पर शोभा यात्रा का आयोजन किया था. उन्होंने आगे पुष्टि की कि वीडियो में क्रीम रंग का कुर्ता पहने जिस व्यक्ति ने युवक के हाथ से झंडा लिया, वो खुद सरपंच संजय त्यागी हैं.

कुल मिलाकर, कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने हरियाणा के पानीपत के सनौली गांव में झगड़े का अंदेशा होने और टकराव से बचने के लिए गांव के सरपंच संजय त्यागी द्वारा बजरंग दल के सदस्य से झंडा लेने का वीडियो झूठे दावे के साथ शेयर किया कि हाथ में धार्मिक झंडा ले जा रहे हिन्दू युवक पर एक मुस्लिम ने हमला किया और झंडे को जमीन पर पटक दिया.

ग़लत
दावा:
 हाथ में धार्मिक झंडा ले जा रहे हिन्दू युवक पर एक मुस्लिम ने हमला किया और झंडे को जमीन पर पटक दिया.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें